Labels

Thursday, 13 February 2020

केम छो ट्रंप’ की तैयारी, अमेरिकी राष्ट्रपति का भारत दौरा

केम छो ट्रंप’ की तैयारी, अमेरिकी राष्ट्रपति का भारत दौरा


howdy trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) 24 और 25 फरवरी को भारत में होंगे. अपने दो दिन की यात्रा में वो गुजरात के अहमदाबाद (Ahmedabad) और दिल्ली (Delhi) में होंगे. अहमदाबाद में ट्रंप के सम्मान में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है. इस आयोजन पर सबकी निगाहें टिकी होंगी.

कहा जा रहा है कि इस आयोजन में ट्रंप का स्वागत कुछ उसी तरह से होगा, जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत अमेरिकी शहर ह्यूस्टन में हुआ था. सितंबर 2019 में ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ के नाम से कार्यक्रम का आयोजन हुआ था, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भी शामिल हुए थे. हाउडी मोदी कार्यक्रम में अमेरिका में भारतीय मूल के करीब 50 हजार लोगों ने पीएम मोदी को सुना था. अब उसी तर्ज पर अहमदाबाद में केम छो ट्रंप (Kem Cho Trump) की तैयारी की जा रही है. गुजराती में केम छो का मतलब होता है- आप कैसे हैं.

कहा जा रहा है कि इस कार्यक्रम के जरिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भारतीय जनता को संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अमेरिका में बसे गुजराती मूल के लोगों को भी बुलाया जा रहा है. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद होंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि अहमदाबाद में केम छो मोदी को हाउडी मोदी से भी बड़ा बनाने की कोशिश की जा रही है. डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी अहमदाबाद के मोटेरा इलाके में हाल ही में बने सरदार वल्लभ भाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम का भी उद्घाटन करेंगे. इसी दौरान ट्रंप लोगों को संबोधित करेंगे. बताया जा रहा है कि इस दौरान स्टेडियम मे करीब एक लाख लोग मौजूद होंगे. इस बड़े कार्यक्रम के लिए जोरशोर से तैयारी चल रही है.

बताया जा रहा है कि अहमदाबाद में डोनाल्ड ट्रंप का रोड शो भी होना है. अहमदाबाद का ट्रैफिक महकमा इसकी तैयारी में जुटा है. इसके साथ ही ट्रंप अहमदाबाद के साबरमती आश्रम भी जाएंगे. कहा जा रहा है कि ट्रंप का रोड शो अहमदाबाद एयरपोर्ट से लेकर साबरमती आश्रम तक होगा. 10 किलोमीटर लंबे इस रोड शो की तैयारी जोरशोर से जारी है. सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है और इस पूरे इलाके को अच्छी तरह से सजाया जा रहा है.

ट्रंप के लिए क्यों इतना अहम है भारत दौरा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हाल ही में महाभियोग से बचकर निकले हैं. महाभियोग की वजह से डोनाल्ड ट्रंप की छवि को धक्का पहुंचा है. अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं. डोनाल्ड ट्रंप अपनी छवि ठीक करने की कोशिश में लगे हैं.

अहमदबाद में केम छो ट्रंप और विशाल रोड शो को ट्रंप के चुनावी प्रचार का हिस्सा माना जा रहा है. अमेरिका में बड़ी संख्या में गुजराती रहते हैं. इस कार्यक्रम के जरिए ट्रंप उन्हें लुभाने की कोशिश में हैं, ताकि चुनाव में उन्हें फायदा मिले. इसलिए गुजराती मूल के लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया जा रहा है.

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में ही करीब एक लाख गुजराती मूल के लोग रहते हैं. पूरे अमेरिका में गुजराती मूल के लोग फैले हैं. ज्यादातर लोग व्यवसायी और संपन्न हैं. एक आंकड़े के मुताबिक अमेरिका की 40 फीसदी होटल इंडस्ट्री को अकेले गुजराती संभाल रहे हैं. ये करीब 40 बिलियन डॉलर होटल इंडस्ट्री का कारोबार कर रहे हैं. अमेरिकी चुनाव में गुजराती लोग ट्रंप को फायदा पहुंचा सकते हैं.

ट्रंप अपनी इस भारत यात्रा को लेकर खासे उत्साहित हैं. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि ‘प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि रोड शो में लाखों लोग शामिल होंगे. उनका कहना है कि सिर्फ एयरपोर्ट से नए बने स्टेडियम के रोड शो में करीब 50 से 70 लाख लोग शामिल होंगे. वो कमाल के आदमी हैं. वो मेरे दोस्त हैं.’

1 comment:

Please do not enter any spam link in the comment box